गिरिडीह : पचम्बा में रविवार की देर शाम एक बार फिर दो समुदाय के कुछ लोग आपस में भिड़ गए। दो लोगों में मामूली विवाद को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना के तुरंत बाद हटिया रोड की सारी दुकानें बंद हो है। घटना की जानकारी मिलते ही पचंबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार पचम्बा निवासी मोहम्मद सलीम और हटिया स्तिथ एक कपड़ा दुकान के कर्मी कजरो निवासी सुधीर कुमार आपस में भिड़ गए जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बताया गया कि भवानी चौक के निकट मोहम्मद सलीम की कार और सुधीर कुमार की स्कूटी के बीच आपस में टक्कर हो गई। दोनों में तू तू-मैं मैं हुई जिसके बाद सलीम ने सुधीर पर हाथ छोड़ दिया। इसके बाद दो पक्षो में भिड़ंत हो गई।
घटना के बाद दोनों पक्ष पचंबा थाना में आवेदन देने पहुंचे और थाना के बाहर फिर से आपस में भिड़ गए। मारपीट की घटना में 3 लोगों के घायल होने की खबर है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


