गिरिडीह: सदर प्रखंड के लेदा पंचायत अंतर्गत ग्राम गादी स्तिथ एस डी पब्लिक स्कूल में सोमवार को शिक्षक दिवस मनाया गया। इस दौरान डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया और शिक्षा जगत में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास वर्मा ने बच्चों को शिक्षक दिवस के महत्त्व को बताते हुए कहा कि शिक्षक हमारे लिए माता-पिता के समान हैं जो अपने शिष्यों की हमेशा तरक्की ही देखना चाहते हैं । आप सब बच्चे कड़ी मेहनत से पढ़ें-लिखें और जीवन की उच्चतम सीढ़ी तक पहुंचे । जिस शिक्षक ने आपको शिक्षा दी उसको कभी भूलिए नहीं, उनका मान सम्मान करते रहिए। हमें अपनी भारतीय संस्कृति को भी बचाए रखना है। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जैसे महापुरुषों को भूलना नहीं चाहिए । महापुरुषों से हमें सिख लेनी चाहिए कि कितनी भी विषम परिस्थिति क्यों न हो फिर भी हमें डटकर अपना काम करना चाहिए और उच्च शिखर पर पहुँचकर अपने माता , पिता और शिक्षक का नाम उच्चा करना चाहिए।
कार्यक्रम में शिक्षक हीरालाल वर्मा , नरेश चौधरी और मेहबूब अंसारी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।


